पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी से दुकान बंदकर बाइक से घर जा रहे सराफा व्यापारी को गुरुवार की देर शाम बदमाशों ने गोली मार दी। व्यापारी के लहूलुहान होकर सड़क पर गिरने के बाद बदमाश नकदी और आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना पनवाड़ी के अलीपुरा निवासी अजयकांत सोनी (42) चौबे मॉर्केट में सोने-चांदी की दुकान है। गुरुवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंदकर बैग में पूरे दिन की बिक्री की रकम व आभूषण लेकर बाइक से घर जा रहे थे। अलीपुरा गांव के पास सुनसान स्थान पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। सिर में गोली लगने से सराफा व्यापारी बाइक समेत गिर गया। तब बदमाश जेवर और रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुन लोग दौड़ पड़े लेकिन तब तक आरोपी पहुंच से दूर निकल गए।
गंभीर हालत में सराफा व्यापारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। व्यापारी की हालत गंभीर होने के चलते बैग में कितनी रकम और कितने वजन के सोने-चांदी के आभूषण थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका। सीएचसी के डॉ. आरजी शंखवार ने बताया कि सिर में गहरा घाव है। गोली लगी है या अन्य नुकीली वस्तु लगी है, इसकी पुष्टि एक्स-रे के बाद हो सकेगी। उधर, थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्रा का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गईं हैं।