महोबा। कस्बा खन्ना में चल रहे तिलहन बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो लीग मुकाबले खेले गए। जिसमें मौदहा व भगौरा की टीमें विजयी रहीं। बुधवार को भी बांदा और हमीरपुर जनपद की टीमों के बीच लीग मुकाबले खेले जाएंगे।
पहले लीग मैच मौदहा व जनपद बांदा की गोयरा के बीच खेला गया। गोयरा टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। 10 ओवरों के निर्धारित मुकाबले में टीम ने 117 रन बनाए। गोयरा की ओर से शब्बीर ने 31 गेंदों में 72 रन की आतिशी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मौदहा टीम ने तेज शुरूआत की और नौ ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जिससे मौदहा की टीम आठ विकेट से विजेता बनीं। मौदहा के खिलाड़ी अयाज खान मैन ऑफ द मैच चुने गए
दूसरा लीग मैच जनपद हमीरपुर की भगौरा व खन्ना के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खन्ना की टीम ने 10 ओवर में 67 रन बनाए। जवाब में भगौरा की टीम ने आठ ओवर में ही तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जिससे भगौरा की टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की। इस मौके पर आयोजक आकाशदीप सिंह, नीरज निषाद आदि मौजूद रहे।