महोबा। मंडियों में व्याप्त भ्रष्टाचार और खाद व बिजली की समस्या को लेकर बुंदेलखंड किसान यूनियन ने शुक्रवार को चरखारी बाईपास स्थित नवीन गल्ला मंडी के बाहर जाम लगाने की कोशिश की। नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम मनोज कुमार को सौंपा। किसानों की समस्याओं का समाधान कराए जाने की मांग की।
किसान यूनियन के बुंदेलखंड संगठन प्रभारी बालाजी के नेतृत्व में किसान नवीन गल्ला मंडी पहुंचे और गेट पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। एक घंटे तक हंगामा व जाम लगाने की कोशिश से किसान परेशान रहे। बाद में पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पहुंच जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एमएसपी कानून बनाने, मंडियों में हो रहे भ्रष्टाचार को रोकने व खाद की कमी पूरी करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराए व अन्ना मवेशियों को गोशालाओं में भेजने की मांग की। प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष किरण पाठक, अखिलेश रावत, रामकिशुन शर्मा, योगेश पाठक, रामकली, किशोरी लाल आदि शामिल रहे।