महोबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। जिसमें महोबा समेत बुंदेलखंड के स्टेशन भी शामिल हैं। पीएम के कार्यक्रम का वर्चुअल टेलीकास्ट रेलवे स्टेशन में दिखाया जाएगा।
उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का पुनर्विकास आगामी 50 साल की संभावित आवश्यकताओं के दृष्टिगत किया जा रहा है। स्टेशन की दूसरी एंट्री के लिए सिटी प्लानर के अनुसार सर्कुलेटिंग एरिया का विकास होगा। जिससे दोनों तरफ वृहद पार्किंग स्थल का प्रावधान रहेगा। स्टेशन पर 2500 केडब्लूपी सोलर पैनल के माध्यम से ऊर्जा प्रदान की जाएगी। यात्रियों को गाड़ियों के समय से संबंधित सूचना के लिए 10 बड़ी वीडियोवॉल का प्रावधान किया जाएगा। इसके साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग, लैंडस्केपिंग, भूनिर्माण, हरे पैच और स्थानीय कला आदि की व्यवस्था की जाएगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झांसी मंडल रेलवे की ओर से प्रथम चरण में कुल 16 स्टेशन पुनर्विकसित किए जाने के लिए चयनित किए गए हैं। जिसमें डबरा, बांदा, मुरैना, महोबा, चित्रकूटधाम कर्वी, दतिया, ललितपुर, उरई, पुखरायां, घाटमपुर, भिंड, हरपालपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, ओरछा और श्योपुरकलां शामिल हैं। वहीं, मंडल रेलवे की ओर से द्वितीय चरण में विकसित किए जाने वाले अन्य 14 स्टेशन में अतर्रा, बबीना, बेलाताल, भरुआ सुमेरपुर, कालपी, कुलपहाड, मऊरानीपुर, निवाड़ी, रागौल, तालबेहट, एट, हमीरपुर रोड, कोंच व शनिचरा शामिल किए गए हैं।