महोबा जिले में उल्टी, दस्त और बुखार से जिला अस्पताल में बालिका और युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत के चलते छह से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया है। कहरा गांव के मूलचंद्र की पुत्री शिवांशी (04) दो दिन से उल्टी-दस्त व बुखार से पीड़ित थी। सुबह परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
रैपुराखुर्द निवासी पन्नालाल (33) तीन दिन से बुखार से पीड़ित थे। परिजनों ने शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पन्नालाल ने भी दम तोड़ दिया। शहर की गुड़िया, विमला, विशाल समेत छह मरीजों को भर्ती कराया गया है। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची को रेफर कर दिया गया था, लेकिन ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि बारिश होने और दिन में तेज धूप निकलने से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।