पनवाड़ी (महोबा)। कस्बे और देवगनपुरा गांव में बंदरों के आतंक से लोग सहमे हैं। पंद्रह दिन में बंदर 12 से अधिक लोगों को काट चुके हैं। सोमवार को एक बच्चे और वृद्धा पर हमला कर दिया। बंदरों के डर से लोग छोटे बच्चों को घरों से नहीं निकलने दे रहे हैं। सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम न आने से लोगों में नाराजगी है।
कस्बे के मोहल्ला धरमपुरा में यज्ञ नायक (4) घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इस दौरान बंदर ने उस पर हमलाकर घायल कर दिया। देवगनपुरा के परशुराम ने बताया कि पत्नी रामकुंवर (60) छत पर बेटे देवप्रसाद के साथ बैठी थी। इस दौरान बंदर ने हमला कर दिया। कई जगह पंजे लगने पर वह घायल हो गईं। लाठी-डंडे लेकर खदेड़ने पर बंदर भागा। वृद्धा को परिजन सीएचसी पनवाड़ी ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
संतोष, मनप्यारे, जगदीश आदि ने बताया कि कटखने बंदरों की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, लेकिन अभी तक टीम नहीं आई है। डिप्टी रेंजर रामकिशुन यादव ने कहा कि सूचना मिली है। बंदर पकड़ने वाली टीम बुलाई गई है। जल्द ही बंदरों को पकड़ा जाएगा।