खन्ना (महोबा)। कस्बा खन्ना में बजरंग क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार से आगाज हो गया। उद्घाटन मैच में महोबा ने रीवन को 68 रनों से हराया। मैच देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटी रही।
क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ भाजपा नेता आकाशदीप सिंह ने फीता काटकर किया। उदघाटन मैच में रीवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी महोबा की टीम ने दस ओवर में आठ विकेट खोकर 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रीवन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। एक के बाद एक विकेट गिरने से पूरी टीम छह ओवर में 38 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिससे महोबा ने 68 रन से उद्घाटन मैच जीत लिया। महोबा के खिलाड़ी आशीष ने 21 रन देकर चार विकेट झटके। जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस मौके पर पंकज सिंह, नीरज निषाद, दीन मोहम्मद, आशीष, राजेश शिवहरे आदि मौजूद रहे।
बड़ा मलहरा सेमीफाइनल में पहुंची
श्रीनगर। कस्बा श्रीनगर में चल रहे स्व. अमित गुप्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे र्क्वाटर फाइनल में बड़ा मलहरा ने अलीपुरा को 104 रनों से हराया। बड़ा मलहरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 214 रन बनाए। जवाब में उतरी अलीपुरा की टीम 13.4 ओवर में 110 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिससे बड़ा मलहरा ने 104 रनों से अलीपुरा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गेंद और बल्ले से बेहतर प्रदर्शन करने वाले राहुल तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर प्रेमचंद्र तिवारी, मोहम्मद इकबाल, आशीष मिश्रा, प्रशांत श्रीवास आदि मौजूद रहे।