फोटो 16 एमएएचपी 07 परिचय-प्रशिक्षण शिविर में जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन भरने की बारीकियां सीखते पे
महोबा। अब पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र भरने व जमा करने के लिए हर साल कोषागार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वह स्वयं फोन से ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसको लेकर सोमवार को कचहरी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन में पेंशनरों को प्रशिक्षण दिया गया। डीएम प्रभाष कुमार के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जन सुविधा केंद्र के संचालक परवेज, आकिल और अरुण कुमार ने पेंशनरों के मोबाइल में आवश्यक एप इंस्टॉल कराए। साथ ही मोबाइल से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर ऑनलाइन भेजने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान के महामंत्री बीके तिवारी ने कहा कि अधिकांश पेंशनर स्मार्टफोन चलाना जानते हैं। ऐसे में उन्हें स्वयं जीवन प्रमाण पत्र भेजने की प्रक्रिया सीखनी चाहिए। कहा कि 21 नवंबर को पेंशनर भवन में दोबारा प्रशिक्षण शिविर लगेगा। इस दौरान विष्णु खरे, ओपी सिंह, शिवकुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। (संवाद)