कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बा कुलपहाड़ से मुढ़ारी के बीच निर्माणाधीन सड़क का निर्माण कार्य पिछले एक माह से ठप है। सड़क जर्जर होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन वाहन चालक सड़क पर गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी निर्माण पूरा नहीं कराया जा रहा है।
कुलपहाड़-मुढ़ारी मार्ग लंबे समय से जर्जर है। दो माह पहले सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। तब मुढ़ारी और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। हालांकि, ठेकेदार की ओर से घटिया काम कराने से नाराज स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। तब विभाग की ओर से सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
इसके चलते सड़क का निर्माण कार्य रुक गया। रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन चालक रामनरेश, यादवेंद्र, मुन्ना और हरिओम का कहना है कि वह प्रतिदिन कुलपहाड़ से रेलवे स्टेशन और मुढ़ारी के लिए सवारी लेकर जाते हैं। सड़क दो माह से खुदी पड़ी है। इससे आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता वीके जौहरी का कहना है कि इस समय ठेकेदारों के पास अन्य जगह पर काम की अधिकता है। फिर भी शीघ्र ही कुलपहाड़-मुढ़ारी सड़क का काम पूरा कराया जाएगा।