संवाद न्यूज एजेंसी
कुलपहाड़ (महोबा)। कुलपहाड़ से मुढ़ारी होते हुए अकौना मार्ग का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से कराया जाएगा। फाउंडेशन की ओर से चौड़ीकरण के काम को स्वीकृत कर दिया गया है। 5.10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम के लिए प्रथम किस्त का एक करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं।
कस्बा कुलपहाड़ से स्टेशन रोड होते हुए मुढ़ारी, अकौना की ओर जाने वाली यह सड़क पिछले तीन वर्षों से उखड़ी है। इस सड़क से नगर के अलावा 12 से अधिक गांव के लोग आवाजाही करते हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कमलेश सक्सेना, पूर्व प्रधान व भाजपा नेता उमाशंकर मिश्रा, चेयरमैन वैभव अरजरिया समेत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने एक पखवाड़े पहले डीएम मृदुल चौधरी से सड़क की बदहाली दूर किए जाने की मांग की थी।
चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने भी पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर सड़क के चौड़ीकरण की मांग की थी। अब जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से सड़क के चौड़ीकरण के काम को स्वीकृति मिल गई है। 5.10 करोड़ की लागत से सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। खनिज फाउंडेशन की ओर से निर्माण कार्य के लिए बजट की 20 फीसदी रकम एक करोड़ दो लाख रुपये जारी किए गए हैं। लोगो का कहना है कि रेलवे स्टेशन और मुढ़ारी जाने के लिए बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क बन जाने के बाद यह परेशानी दूर हो जाएगी।