खन्ना (महोबा)। कस्बा खन्ना में चल रहे तिलहन बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को एक मुकाबला खेला गया। इसमें खन्ना ने सिजनौड़ा टीम को 15 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बुधवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
अंतिम लीग मैच में खन्ना ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 10 ओवरों के मुकाबले में टीम ने दो विकेट खोकर 98 रन बनाए। खन्ना के खिलाड़ी सुमित ने 25 गेंदों में 54 रनों की धुआंधार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिजनौड़ा टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके तीन विकेट जल्दी गिर गए।
अंतिम ओवर तक टीम संघर्ष करती रही लेकिन पांच विकेट खोकर 83 रन ही बना सकी। इससे खन्ना ने यह मैच 15 रनों से जीत लिया। आयोजक आकाशदीप सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करने वाले सुमित को मैन ऑफ द मैच का खिताब सौंपा। अंपायर की भूमिका फरीद सौदागर व नीरज ने निभाई। इस मौक पर आलोकराज, राघवेंद्र सिंह, राजेश शिवहरे समेत तमाम दर्शक मौजूद रहे।