महोबा। जेल से रिहा अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस गोपनीय नजर रखे। यह बात पुलिस अधीक्षक ने अपराध समीक्षा बैठक के दौरान कही।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सुधा सिंह ने कहा कि थाना प्रभारी अवैध शराब बनाने व बिक्री करने वाले लोगों को चिंहित कर कड़ी कार्रवाई करे। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लाइसेंस धारकों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित व निरस्त कराने के निर्देश दिए। महिला व एससीएसटी मामलों का त्वरित निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। एसपी ने प्रत्येक रविवार को थानों में स्टॉफ के साथ विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट व संगीन अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। इस मौके पर एएसपी आरके गौतम, सीओ सिटी रामप्रवेश राय, सीओ कुलपहाड़ तेज बहादुर समेत सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।