प्रावासी भारतीय दिवस के अवसर पर बुधवार को कस्बा कबरई के रोशन सिंह बदन सिंह गायत्री महाविद्यालय से शुरू हुई साइकिल यात्रा विभिन्न गांवाें से होते हुए शुक्रवार को महोबा पहुंची। साइकिल यात्रा विकासखंड कबरई के ग्राम महेबा, सिचौरा, लिलवाही, परसहा, सुरहा, विकासखंड चरखारी के ग्राम ऐंचाना, कुआं, पड़ोरा, बारी, बैहारी, उटियां, धरौन, गंज होते हुए महोबा शहर पहुंची और कीरत सागर, सुभाष चौकी, ऊदल चौक, आल्हा चौक, रोडवेज, डीएम आवास, बजरंग चौक, डाक बंगला, मदीना मस्जिद चौराहा होते हुए मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 9 जनवरी 1914 को दक्षिण अफ्रीका से भारत आए थे। वर्ष 2003 से इस दिवस को प्रवासी भारतीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। मुख्य अतिथि डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने न सिर्फ देश को आजाद कराने में अहम योगदान दिया बल्कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का पैगाम भी दिया। हमें उनके आदर्शों पर अमल करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इस मौके पर अजय पटैरिया, डॉ. आरिफ राइन सहित तमाम प्रवक्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।