श्रीनगर (महोबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर में संविदा पर तैनात लैब टेक्नीशियन ने जहर खाकर जान दे दी। तीन दिन पहले पत्नी लड़-झगड़कर मायके चली गई थी। जिससे वह परेशान रहता था।
जनपद बांदा निवासी राकेश कुमार का पुत्र अभिलाष (30) पीएचसी श्रीनगर में संविदा लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात था। अस्पताल परिसर में बने सरकारी आवासों के कमरे में पत्नी और मासूम बच्चे के साथ रहता था। तीन दिन पहले किसी बात को लेकर पत्नी प्राची से विवाद हो गया था। कहासुनी होने पर पत्नी अपने मासूम पुत्र देवांश के साथ मायके कानपुर चली गई थी। जिससे कर्मचारी परेशान रहता था। शुक्रवार की रात अभिलाष ने कमरे में जहर खा लिया। यह बात उसने परिजनों को बताई तो परिजन अचेत अवस्था में अभिलाष को जिला अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।