संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। सर्दी और कोहरे के कारण होने वाले सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। अमर उजाला में लगातार खबरों के प्रकाशन के बाद सड़क किनारे स्थित पेड़ों व बिजली पोलों पर हाईक्वालिटी रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। एक रिफ्लेक्टर थ्री एमएम मानक के हैं जो अंधेरे में रोशनी पड़ते ही बल्ब की रोशनी से ज्यादा चमक रहे हैं। ऐसे में अब कोहरे के दौरान वाहन ले जाते समय चालकों को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी और यह रिफ्लेक्टर कोहरे के समय वाहन चालकों को रास्ता दिखाएंगे।
इस वर्ष परिवहन विभाग ने कोहरे से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास शुरू किए हैं। एआरटीओ सुनील दत्त स्वयं पेड़ों में रिफ्लेक्टर लगाने के काम को काम को अंजाम दे रहे हैं। साथ ही कर्मचारियों को भी पेड़ों और बिजली पोलों में रिफ्लेक्टर लगाने के काम में लगाया गया है। रात के समय बिजली न होने की वजह से सड़क पर अंधेरा पसरा रहता है और पूरी सड़क सुनसान हो जाती है। जिसके कारण दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है।
ऐसे में परिवहन विभाग की ओर से कानपुर-सागर व झांसी मिर्जापुर हाईवे पर पत्थरमंडी कबरई से लेकर महोबा तक, महोबा से श्रीनगर कस्बे तक सड़क किनारे स्थित पेड़ों व बिजली के पाेलों में यह रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। साथ ही मुख्यालय के बाईपास व पुलिस लाइन होते हुए बीएसएनएल टॉवर तक सड़क किनारे पेड़ और बिजली के पोल में रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। ताकि कोहरे के समय वाहन चालकों को कोई समस्या न आए। साथ ही वाहन स्वामी और चालकों को जागरूक भी किया जा रहा है। उन्हें वाहन में मानक के अनुसार रिफ्लेक्टर लगवाने की सलाह दी जा रही है।
-
वर्जन
कोहरे के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में रोकथाम को लेकर पेड़ों व बिजली के पोलों में यह रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। रिफ्लेक्टर हाई क्वालिटी के हैं। सड़क पर वाहन चलाते समय रोशनी पड़ते ही यह रिफ्लेक्टर चमकेंगे, जिससे वाहन चालकों को सड़क का अंदाजा सही तरीके से लग सकेगा। वाहनों में भी रिफ्लेक्टर लगवाने के लिए चालकों को जागरुक किया जा रहा है।
सुनील दत्त, एआरटीओ