महोबा। जिला पुरुष और महिला अस्पताल में अब हेल्थ एटीएम से मरीजों को 10 मिनट में जांच रिपोर्ट मिलेगी। बुधवार से दोनों अस्पतालों में हेल्थ एटीएम मशीनों का शुभारंभ हो गया। पहले दिन मरीजों शुगर, बीपी, लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन आदि की निशुल्क जांचें की गईं।
जिला अस्पताल में महिला मरीज रामदेवी व महिला अस्पताल में शशि कुमारी से डीएम मनोज कुमार ने फीता कटवाकर हेल्थ एटीएम का शुभारंभ कराया। इस दौरा मरीजों की विभिन्न जांचेें की गईं। जिला अस्पताल में इंटरनेट की स्थायी व्यवस्था न होने से कुछ दिक्कत आई। जिस पर डीएम ने सीएमएस को नियमित जांच के लिए बेहतर व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि जल्द ही चारों सीएचसी में हेल्थ एटीएम की सुविधा मिलेगी। हेल्थ एटीएम शुरू हो जाने से मरीजों के समय और रुपयों की बचत होगी।
सीएमओ डॉ. डीके गर्ग ने कहा कि पहले चरण में जिला पुरुष व महिला अस्पताल में स्थापित हेल्थ एटीएम का मरीजों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर सीएमएस डॉ. एसपी सिंह, डॉ. डीके सुल्लेरे, डॉ. एके सक्सेना, डॉ. योगेंद्र राजावत, एलटी मनोज, करीम खान आदि मौजूद रहे।