महोबा। शहर के बड़ीहाट निवासी गजराज यादव ने अपने भांजे जितेंद्र को बेटे की तरह पाला और पढ़ा-लिखाकर बड़ा किया। भांजे की अपहरण के बाद हत्या से मामा सुधबुध खो बैठा है। फफककर रो रहे मामा के मुंह से बस एक ही शब्द निकल रहा था कि यदि वह घटना की जानकारी पुलिस को नहीं देता और आरोपियों को फिरौती की रकम अदा कर देता तो भांजे की जान बच जाती।
22 मार्च को जितेंद्र का अपहरण करने के बाद आरोपियों ने जितेंद्र के मोबाइल से ही उसके मामा को फोन लगवाया था। जिसमें पांच लाख रुपये भेजने की बात कही गई थी। आरोपियों ने उसी रात जितेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा मामा को फोन कर पांच लाख रुपये भेजने की बात कही। पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास करती रही लेकिन चार दिन तक चारों टीमें यूपी-एमपी के विभिन्न जिलों में पहुंची पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
मृतक के मामा ने बताया कि उसने अपने छोटे भांजे जितेंद्र को पुत्र की तरह पाला। पढ़ाई-लिखाई कराई। कुछ दिन से वह एक मिल में काम करने जाने लगा था। उसे क्या पता था कि आरोपी जितेंद्र की हत्या कर देंगे। नहीं तो वह यह बात पुलिस को नहीं बताता और किसी तरह व्यवस्था करके भांजे को छुड़ाने का प्रयास करता। मृतक के बड़े भाई सचिन ने बताया कि आरोपी एक गंदा एप चलाते थे। जिसे एप में गंदी फिल्में बनाकर अपलोड करने की आशंका है। इसी का विरोध करने और फिरौती की रकम न मिलने पर आरोपियों ने भाई की हत्या कर दी।
सब्बल से खोदा दो फीट गहरा गड्ढा
महोबा। युवक की हत्याकर साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने कमरे के अंदर ही सब्बल से दो फीट गहरा गड्ढा खोदा और शव को उसी में दफनाकर ऊपर से मिट्टी समतल कर दी। ताकि, किसी को घटना की जानकारी न हो सके। चार से पांच दिन पुराना शव होने के चलते जब पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया तो दुर्गंध से अधिकारी ही नहीं आसपास रहने वाले लोग परेशान रहे।
दो स्थानों पर किराये के मकान लिए थे आरोपी
महोबा। अपहरण व फिरौती मांगने की घटना को अंजाम देने का प्लान आरोपियों ने एक माह पहले ही बना लिया था। आरोपियों ने शहर में दो स्थानों पर किराये के मकान लिए थे। मामना रोड पर ननौरा निवासी कामता सोनी का मकान किराये पर लेकर यहीं घटना को अंजाम दिया और ताला लगाकर बड़ी चंद्रिका के पास पूर्व में लिए गए किराये के मकान में रहने लगे। पुलिस ने कामता सोनी के मकान को सीज कर दिया है।
आरोपियों पर चोरी व जानलेवा हमला का दर्ज है मुकदमा
महोबा। अपहरण के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार हुए नितेंद्र कुशवाहा पर कोतवाली चरखारी में पहले से छेड़खानी, जानलेवा हमला और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं जबकि दूसरे आरोपी सूरज सेंगर का यह जिले में पहला मामला है। जनपद फतेहपुर निवासी सूरज सेंगर के अन्य जिलों के आपराधिक इतिहास की पुलिस जानकारी कर रही है।
पैनल से होगा पोस्टमार्टम
महोबा। युवक की हत्या कर शव दफनाए जाने की घटना का खुलासा होने के बाद जिलाधिकारी मनोज कुमार ने दो डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के आदेश दिए हैं। डॉ. योगेंद्र राजावत और डॉ. राजेश भट्ट मृतक के शव का देर रात पोस्टमार्टम करेंगे।
युवक की बरामदगी में फेल रही पुलिस
महोबा। युवक का अपहरण कर फिरौती मांगे जाने की घटना के बाद पुलिस टीमें युवक की बरामदगी में फेल साबित हुईं। चार टीमें विभिन्न जिलों में हाथ-पैर मारती रहीं लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। यदि पुलिस सर्विलांस व अन्य माध्यमों से आरोपियों तक पहुंच जाती तो युवक की जान बच जाती।