कबरई (महोबा)। थाना कबरई के बरबई गांव में शादी के दिन दूल्हे के भाई की संदिग्ध हालात में मौत होने से खुशियां मातम में बदल गईं। परिजन अचानक पेटदर्द के साथ उल्टी होने पर हालत बिगड़ने की बात बता रहे हैं। दूल्हे के बड़े भाई की मौत से रविवार की शाम जाने वाली बरात रोक दी गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बरबई गांव निवासी बरदानी के पुत्र बबलू वर्मा की जनपद छतरपुर के चंदवारा निवासी भागीरथ वर्मा की पुत्री बबली से शादी तय हुई थी। शनिवार को घर में मायने की रस्म अदा की जा रही थी जबकि रविवार को बरात चंदवारा गांव जाना थी। मायना कार्यक्रम समाप्त होने पर परिजन व रिश्तेदार भोजन करने के बाद सो गए। तभी देर रात दूल्हे के भाई संतोष (32) की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी कबरई ले गए। जहां आराम न मिलने पर सोमवार की सुबह जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई संजय ने बताया कि शादी के रस्मों के बीच संतोष को अचानक घबराहट, पेटदर्द व उल्टी हुई। हालत बिगड़ने पर वह अस्पताल ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई। भाई की मौत होने पर बरात रोक दी गई। अब शादी की नई तिथि तय की जाएगी।