महोबकंठ (महोबा)। थाना महोबकंठ के घुटई गांव में किराना दुकान व मकान में लगी आग से नकदी व जेवर समेत दो लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई।
घुटई गांव निवासी लखन कुशवाहा मकान में ही किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। रविवार को वह गांव के ही पथरिया माता स्थान पर दर्शन करने के लिए परिवार समेत गया था। तभी अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटे व धुएं का गुबार देख ग्रामीण एकजुट हो गए और पीड़ित को सूचना दी। ग्रामीणों ने आसपास स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक दुकान व मकान में रखा सामान जलकर बर्बाद हो गया।
पीड़ित ने बताया कि अग्निकांड की घटना में फ्रिज, टीवी, कूलर, नगदी व आभूषण जलकर बर्बाद हो गए। बताया कि घटना में 50 हजार, रुपये, जेवर व किराना दुकान का दो लाख से अधिक का सामान जल गया। पीड़ित ने घटना सूचना पुलिस व लेखपाल विभाग को दी। सूचना पर लेखपाल रीता राजपूत ने मौके पर पहुंच मौका मुआयना किया। उन्होंने दो लाख से अधिक की क्षति होने की बात कही। बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।