जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। तेज धूप और उमस के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। रविवार को बुखार से बच्ची और वृद्धा की मौत हो गई। 10 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया।
शहर के मोहल्ला लंघानपुरा निवासी नवाब की दो वर्षीय पुत्री जाहना दो दिन से उल्टी-दस्त व बुखार से पीड़ित थी। रविवार सुबह बुखार तेज होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। खरेला निवासी रामश्री (68) ने भी जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। बुखार व पेटदर्द की शिकायत पर परिजनों ने भर्ती कराया था।
रविवार को इमरजेंसी वार्ड में बुखार व उल्टी दस्त से पीड़ित रोहित, उत्कर्ष, आदर्श, सना, मोहिनी, कमलेश, प्रशांत, आयशा आदि को लेकर परिजन पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने भर्ती कर लिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. पंकज राजपूत ने बताया कि मौसम में बदलाव और उमस के चलते मरीज ज्यादा आ रहे हैं। उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों में बच्चों की संख्या अधिक है।