चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में छात्र का शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला नजरबाग निवासी इलियास खान का पुत्र शान पठान (07) प्राथमिक विद्यालय अमरगंज में कक्षा दो का छात्र था। बुधवार की सुबह करीब छह बजे वह घर के दरवाजे पर खेल रहा था, तभी लापता हो गया। परिजनों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। सुबह 8:30 बजे जब मां बच्चे को स्कूल जाने के लिए नाश्ता बनाने के बाद उसे तैयार करने के लिए बुलाने लगी तो कोई सुराग नहीं लगा। तलाश के दौरान पास में स्थित कोठी तालाब में छात्र की एक चप्पल उतराती मिली।
आशंका होने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। एक घंटे की मशक्कत के बाद छात्र का शव तालाब से बरामद हुआ।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।