महोबा। संगठित गिरोह बनाकर क्षेत्र में भय व्याप्त करने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। यह आरोपी करीब दो माह पहले पूर्व मंत्री के भाई के घर हुई 1.80 करोड़ की चोरी की घटना में भी शामिल थे।
जनपद हमीरपुर के कस्बा राठ निवासी चार आरोपी बीते कई महीनों से चोरी समेत विभिन्न घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इन आरोपियों का भय व आतंक लोगों में इतना था कि कोई भी व्यक्ति इनके खिलाफ पुलिस को सूचना देने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाता था। सोमवार की रात शहर कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ संदिग्धों की तलाश में अभियान चला रहे थे। तभी लोगों ने बताया कि गैंग लीडर अनिल उर्फ लल्ला सदस्य बदलकर विभिन्न अपराध कर रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी ने गैंगलीडर अनिल उर्फ लल्ला, रामअवतार, अन्नी उर्फ अनिल सोनी और वसीम निवासीगण राठ हमीरपुर व राहुल निवासी बिट्ठलपुर महाराष्ट्र के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है। दो माह पहले पूर्व मंत्री सिद्धगोपाल साहू के भाई संदीप साहू के घर के पौने दो करोड़ से अधिक की चोरी हुई थी। इस घटना में भी गैंग के सदस्यों का हाथ था।