बता दें कि कस्बा चरखारी के एक मोहल्ला निवासी तीन सगी बहनों ने चार लोगाें के विरुद्ध गैंगरेप किए जाने का आरोप लगाया था। साथ ही घटना की तहरीर कोतवाली चरखारी में देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। मामले की जानकारी मिलने पर रविवार को जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह और पुलिस अधीक्षक रामकिशोर ने सीओ चरखारी धनंजय सिंह व पुलिस बल के साथ पहुंचकर पीड़ित बहनों से मुलाकात कर घटनास्थल का जायजा लिया। टीम ने पीड़ितों के साथ-साथ मोहल्लेवासियों के बयान दर्ज कर वीडियोग्राफी भी कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मोहल्ला छोटा रमना निवासी पीड़ितों के बहनोई राजेंद्र पुत्र मैयादीन, बहनोई के भाई देवेंद्र और वासुदेव व तेज सिंह के विरुद्ध बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि घटना में सहयोग करने पर पीड़िता की मां और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।