कबरई (महोबा)। थाना कबरई के लिलवाही गांव में रविवार को एक ई-रिक्शा पलट गया। इससे चार माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई।
लिलवाही निवासी लालबाबू की पत्नी हिना मंसूरी ने रविवार को अपने बेटे अरमान (13), भतीजी अंशू के साथ चार माह की बेटी मुस्कान को दवा दिलाने ई-रिक्शा से सिंघनपुर बघारी गांव गई थीं। घर लौटते समय गहरा गांव के पास ई-रिक्शा चालक ने तेज गति से लापरवाही के साथ वाहन चलाने लगा। इससे ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। घटना में मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाने लगे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मां हिना ने आरोप लगाया कि चालक से कई बार सावधानी से ई-रिक्शा चलाने को कहा। इसके बाद भी चालक लापरवाही बरतता रहा। इसके चलते यह हादसा हुआ। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।