महोबा। बुंदेलखंड के कश्मीर के नाम से प्रसिद्ध झीलों के शहर चरखारी को विश्व धरोहर घोषित कराने का प्रस्ताव दिल्ली में यूनेस्को की ओर से आयोजित होने वाली विश्व धरोहर समिति की बैठक में रखा जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से इस बैठक में शामिल होने के लिए यूपी से तीन सदस्यीय टीम भेजी जाएगी। टीम में महोबा-हमीरपुर के पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत को भी शामिल किया गया है।
भारत सरकार की ओर से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 21 से 31 जुलाई तक दस दिवसीय यूनेस्को विश्व धरोहर समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। तीन सदस्यीय टीम में इतिहासकार रवि भट्ट, होटल व्यवसायी रंजन सिंह व महोबा-हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत को शामिल किया गया है।
उत्तर प्रदेश शासन की पर्यटन निदेशक ईशा प्रिया ने पत्र भी जारी कर दिया है। बताया कि यहां पर्यटन विकास का अपार संभावनाएं हैं। चरखारी को वर्ल्ड धरोहर घोषित किए जाने का प्रस्ताव को यूनेस्को की ओर से आयोजित होने वाली विश्व धरोहर समिति की बैठक में रखेंगे।