बेलाताल (महोबा)। कस्बे के बेलासागर तालाब के किनारे बनी झोपड़ी में गुरुवार की रात आग लग गई। इससे 50 हजार की नकदी और सामान जल गया। झोपड़ी में सो रही बालिका बाल-बाल बच गई। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास से आग बुझाई गई।
कोतवाली कुलपहाड़ के मुढ़ारी गांव निवासी हीरालाल बेलासागर तालाब के किनारे सब्जी की फसल लगाए हैं। फसल की रखवाली के लिए परिवार सहित तालाब के किनारे ही झोपड़ी बनाकर रहते हैं। रात में वह खेत पर काम कर रहे थे। तभी अचानक झोपड़ी से धुआं उठने लगा। उस समय झोपड़ी के अंदर आठ वर्षीय बेटी शिवकुमारी सो रही थी। आग की लपटें उठने पर हीरालाल और अन्य परिजन दौड़े और बालिका को किसी तरह झोपड़ी से बाहर निकाला।
किसानों ने पंपिंग सेट चलाकर आग बुझाई, लेकिन तब तक झोपड़ी जल गई। पीड़ित ने बताया कि आग से झोपड़ी में रखी 50 हजार की नकदी, साइकिल, मोबाइल, बैटरी, बर्तन व अन्य सामान जल गए। ग्राम प्रधान पूरनलाल रैकवार ने घटनास्थल पहुंच पीड़ित को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। मामले की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी गई है।