महोबा। फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने और शादी का दबाव बनाने के चलते एक युवती ने आत्महत्या कर ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी विनय शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती की मां ने बताया कि छह माह पहले एक युवक उनकी छोटी बेटी का मोबाइल नंबर और फोटो ले गया था। उसने बेटी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और गंदे पोस्ट करने लगा। युवक शादी का दबाव भी बना रहा था। उसने अश्लील वीडियो और फोटो पोस्ट कर बदनाम करने की धमकी दी। 14 मार्च 2026 की रात बदनामी के डर से बेटी ने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। मां को बेटी के मोबाइल में आरोपी से अंतिम बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली। पुलिस से कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने न्यायालय का सहारा लिया था। आरोपी विनय शर्मा सोनीपत, हरियाणा का निवासी है। (संवाद)