महोबा। कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां गांव में पत्नी को मायके जाने से रोके जाने पर ससुर ने दामाद से मारपीट करते हुए अपमानित कर दिया। घटना से आहत दामाद ने मकान के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
करहराकलां निवासी कल्लू सेन (28) की शादी छह साल पहले जनपद हमीरपुर के औड़ेरा राठ निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। जिसके दो बच्चे रश्मि (04) व दो माह की काव्या है। रक्षाबंधन पर्व को लेकर रश्मि ने मायके जाने की बात कही। जिस पर पति ने पुत्री छोटी होने के चलते मायके भेजने से मना कर दिया। इससे पति-पत्नी में विवाद हो गया। 31 अगस्त को कल्लू पत्नी को स्वयं मायके छोड़ने जा रहा था लेकिन रास्ते में एक बार फिर कहासुनी होने पर वह चरखारी से घर वापस लौट आया।
इसके बाद ससुर व अन्य ससुरालीजन घर पहुंच गए और कल्लू की मारपीट करते हुए अपमानित किया। साथ ही प्रियंका को अपने साथ ले आए। इससे आहत कल्लू ने शुक्रवार की रात मकान के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के भाई बबलू ने आरोप लगाया कि ससुर व अन्य परिजनों की मारपीट और अपमानित करने पर भाई ने यह कदम उठाया।