महोबा। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर बकरियों को बचाने की कोशिश में एक किसान की मालगाड़ी की टक्कर से मौत हो गई। बकरियां चराकर घर लौटते समय दो बकरियों के ट्रैक पर होने और उसी दौरान ट्रेन आने से हादसा हुआ।
थाना महोबकंठ के धरवार गांव निवासी शिवकुमार पाल (54) चार बीघा भूमि में खेती-किसानी के साथ बकरी पालन करता था। मंगलवार की देर शाम वह बकरियां चराकर घर वापस लौट रहा था। तभी झांसी-मानिकपुर ट्रैक पर बरेंडा बुजुर्ग गांव के पास कुछ बकरियां आगे निकल गईं जबकि दो बकरियां रेल ट्रैक पर ही रुक गईं।
मालगाड़ी आने पर बकरियाें को ट्रैक से हटाने के दौरान किसान ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे वह उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाते, इससे पहले उसकी मौत हो गई। घटना से पत्नी मानकुंवर, बेटे जगतराज, धीरेंद्र, बेटी दयावती और कृष्णा देवी बेसुध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।