महोबा। कोतवाली क्षेत्र के रतौली-पसवारा मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने घर के दरवाजे खेल रही मासूम बालिका को कुचल दिया। मासूम की मौके से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर ओवरलोड वाहनों की निकासी पर रोक लगाने और मुआवजे की मांग की। एडीएम, एसडीएम व अपर एसपी के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
पसवारा गांव निवासी ओमप्रकाश की चार वर्षीय पुत्री लक्ष्मी रविवार की सुबह आठ बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थी। तभी महोबा की ओर से पत्थर लादकर जा रहा डंपर के पहिया की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक राजेश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बेरहमी से पीटा। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसकी जान बचाई और गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना से नाराज परिजनों व एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने सड़क पर झाकड़ और पत्थर रखकर जाम लगा दिया। परिजन मुआवजा व दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। जाम की सूचना पर एडीएम रामप्रकाश, अपर एसपी आरके गौतम, एसडीएम जितेंद्र सिंह और सीओ रामप्रवेश राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर तीन घंटे बाद करीब 11 बजे जाम खुल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इकलौती बेटी की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।