महोबा। शहर के ऊदल चौक में एक दुकान में सिम लेने के दौरान दो बार अंगूठा लगवाने को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दुकानदार व ग्राहक भिड़ गए। बीच सड़क पर करीब आधा घंटे तक लाठी-डंडे चले। इस दौरान लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के ऊदलचौक स्थित एक सिम की दुकान पर बुधवार को छिकहरा निवासी युवक सिम खरीदने के लिए आया था। आरोप है कि दुकानदार अंशू ने डिजिटल हस्ताक्षर के नाम पर दो बार अंगूठा लगवा लिया। जिसका युवक ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर दुकानदार के परिजन भी आ गए और बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई।
सड़क पर लाठी-डंडें से मारपीट करने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक हाथ में लाठी लेकर मारपीट करता नजर आ रहा है। ग्राहक ने शहर कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं दुकानदार ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।