महोबा। ऐतिहासिक कीरत सागर तट में दुकान आवंटन में मनमानी और चहेतों को आगे दुकानें दिए जाने मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रसीद कटवाने के बाद भी जगह न मिलने से नाराज दुकानदारों ने रविवार को डीएम आवास पहुंच विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। बाद में सीडीओ ने मेलास्थल पहुंच दुकानदारों को समझाकर शांत कराया।
ऐतिहासिक कजली मेले के लिए 11 अगस्त से दुकान आवंटन का काम शुरू हुआ था। पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर दुकानें आवंटित हुईं। सबसे आगे नौ हजार, इसके बाद सात हजार और पांच हजार रुपये प्रति दुकान आवंटित की गईं। सबसे पहले दुकानें लेने वाले दुकानदार जब कीरत सागर पहुंचे तो उन्हें पीछे की दुकानें दी गईं। जिससे दुकानदार भड़क गए और दुकान आवंटन में मनमानी और चहेतों को आगे दुकानें देने का आरोप लगाया।
दुकानदार इमरान, रेखा, संगीता, माया, रामबाबू, संतोष, नसीम आदि ने डीएम आवास पहुंच प्रदर्शन किया। उन्होंने लिस्ट बदलने और पहले आने पर बाद में दुकान दिए जाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। बाद में डीएम के न मिलने पर स्टेनो से वार्ता की। जिसके बाद सीडीओ चित्रसेन सिंह मेलास्थल पहुंचे और जिस दुकानदार को जहां दुकानें मिलीं हैं, वहीं दुकानें लगाने के निर्देश दिए। जिससे दुकानदारों में मायूसी नजर आई।