महोबा। मध्यप्रदेश के उज्जैन में भारतरत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने से बुंदेलखंड कुर्मी कल्याण समिति के पदाधिकारी आक्रोशित हो गए हैं। पदाधिकारियों ने अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम मृदुल चौधरी को सौंपा। बताया कि उज्जैन जिले के माकडोन में स्थापित सरदार बल्लभ भाई पटेल की मूर्ति को ट्रैक्टर से गिराकर क्षतिग्रस्त किया गया। घटना से कुर्मी, पटेल, पाटीदार आदि समुदाय में आक्रोश व्याप्त है।
इस घटना में शामिल आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। प्रतिमा को सम्मान के साथ स्थापित कराया जाए ताकि देश में कहीं भी महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ इस तरह का अपमानित कृत न किया जा सके। कहा कि यदि प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के जिलाध्यक्ष जगदेव पटेल, गजराज पटेल, वीर सिंह पटेल, जगदीश पटेल, सभासद ललित पटेल आदि शामिल रहे। (संवाद)
-
कोहरे में बर्बाद फसलों की किसानों ने मांगी क्षतिपूर्ति
कुलपहाड़ (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर की न्याय पंचायत सुगिरा, बम्हौरी, लाड़पुर, कमालपुरा, रावतपुरा आदि के किसान गयाप्रसाद, शिवकुमार, कालका, चेतराम आदि ने प्रधानों के साथ एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि भीषण ठंड के चलते उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं। फूल नष्ट हो जाने से भारी नुकसान की संभावना है। यदि, किसानों की भरपाई नहीं की जाती तो वह बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने जांच कराकर राहत दिलाने की मांग की है। एसडीएम ने फसलों का सर्वे कराकर फसल बीमा से किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाए जाने का भरोसा दिया है। (संवाद)