संवाद न्यूज एजेंसी
अजनर (महोबा)। टिकरिया गांव में खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से सिंचाई कर रहे किसान की मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
जीतेंद्र (24) के पिता नारायणदास की आठ साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। तब से जीतेंद्र खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। गुुरुवार की रात जीतेंद्र खेत की सिंचाई करने गया था। खेत में पाइप बिछाकर मोटर चलाई। इसी दौरान खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जीतेंद्र के ऊपर गिरा। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
देर रात तक घर न पहुंचने पर छोटे भाई सचिन ने खेत जाकर देखा तो जीतेंद्र विद्युत तार से झुलसा पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मृतक की तीन बड़ी बहनों मालती, आकांक्षा और राजकुमारी की शादी हो चुकी है। छोटा भाई सचिन, बहन सावित्री व मां वतीबाई का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार चलाने वाले की मौत से अब मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी गई।