महोबा। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर स्थित महोबा रेलवे स्टेशन में पिछले पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। ऐसे में यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शाम होते ही स्टेशन में अंधेरा पसर जाता है। हालात यह हैं कि आरओ सिस्टम न चलने के कारण यात्रियों को टैंकर का पानी पीकर प्यास बुझाना पड़ रही है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
पांच दिन पहले लगातार हुई बारिश और बिजली गिरने के दौरान स्टेशन के विद्युत उपकरण फुंक गए थे। साथ ही बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई थी। बिजली के अभाव में कूलर, पंखें ठप पड़े हैं। जिससे गर्मी के मौसम में यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पांच दिन गुजर जाने के बाद भी जिम्मेेदार स्टेशन की बिजली आपूर्ति दुरुस्त कराए जाने को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। यात्रियों के लिए टैंकर से पेयजल मंगाया जा रहा है। जिसे स्टेशन के बाहर ही खड़ा करा दिया जाता है। प्यास लगने पर यात्री इस टैंकर का पानी पीने को मजबूर हैं। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार का कहना है मामला संज्ञान में नहीं है। जानकारी करके जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।