कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काली पहाड़ी में शराब के लिए पैसे न देने पर आरोपियों ने ग्रामीण की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई दी है।
ग्राम काली पहाड़ी निवासी बृजेंद्र पुत्र परसुराम ने गांव के ही जयपाल (44) से शराब के लिए पैसे मांगे थे। जयपाल ने पैसे देने से मना कर दिया तो बृजेंद्र और जयपाल के बीच बहस होने लगी। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। गुरुवार की रात को बृजेंद्र अपने दो साथियों के साथ जयपाल के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। जैसे ही जयपाल बाहर निकला तभी बृजेंद्र ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
गंभीर अवस्था में परिजन जयपाल को अस्पताल ले लगे, तभी उसकी मौत हो गई। जयपाल के बेटे गौकरन ने कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जल्द ही हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।