महोबा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टीकामऊ में एक विवाहिता की आग से जलकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज की मांग को लेकर पुत्री को मार डालने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
ग्राम बसौरा निवासी गनेशीलाल ने अपनी पुत्री प्रेम कुमारी की शादी एक साल पहले कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टीकामऊ निवासी मनोज के पुत्र नीरज के साथ की थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दान दहेज दिया गया था। शादी के बाद से ससुरालीजन और दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। महिला ने यह बात अपने पिता को भी बताई थी। बुधवार की शाम प्रेम कुमारी घर में संदिग्ध हालात में आग से बुरी तरह झुलस गई। परिजन गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस व मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। मृतका के पिता गनेशीलाल ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न करने पर पुत्री को आग से जलाकर मार दिया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। परिजनों का अस्पताल में रो- रोकर बुरा हाल रहा। कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह का कहना है कि अभी तक उन्हें किसी प्रकार की तहरीर नही दी गई है। तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।