पिता के साथ कोतवाली आए घायल भाई।
- फोटो : अमर उजाला
कोचिंग जा रहे छात्र और उसके भाई की पिटाई कर युवकों ने जेब में पड़े कोचिंग फीस के छह हजार रुपये और मोबाइल लूट ले गए। घायल भाइयों ने पिता के साथ शहर कोतवाली में छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी अमित द्विवेदी पुत्र बृजेश कुमार इंटरमीडिएट का छात्र है। शनिवार की शाम अमित बड़े भाई अन्नू के साथ रामकथा मार्ग स्थित कोचिंग जा रहा था। रास्ते में खड़े छह युवकों ने दोनों भाइयों को रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने दोनाें की पिटाई कर जेब में पड़े छह हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया।
घायल भाइयों ने घर पहुंच पिता को घटना की जानकारी दी। पिता दोनों को लेकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। अमित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके दोस्त का कुछ छात्रों से विवाद हो गया था। दोस्त का साथ देने की खुन्नस में उनके साथ मारपीट की गई और कोचिंग की फीस जमा करने के लिए जेब में पड़े छह हजार रुपये छीन लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।