दुकान बंद होने के बाद कोल्ड ड्रिंक न देने के विवाद में दबंगों ने एक वृद्ध को लाठी-डंडों से पीट दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना अजनर में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। एसपी ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
ग्राम नगाराडांग निवासी पलुआ अनुरागी 65 का पुत्र दीपक घर पर किराना की दुकान किए है। 19 मई की रात करीब 11 बजे जब दीपक दुकान में ताला लगा रहा था तभी गांव का बलराम पेप्सी लेने के लिए दुकान आया। दीपक ने दुकान बंद होने की बात कही तो बलराम बौखला गया और दुकान का ताला तोड़कर पेप्सी व गोलक में रखी दो हजार रुपये की नगदी ले गया। 20 मई की सुबह दीपक का पिता पलुआ बलराम के घर उलहना देने गया तो उसकी बुरी तरह पीट दिया।
जिसकी तहरीर थाना अजनर में सौंपी गई। पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी बलराम को हिरासत में ले लिया था।
शनिवार की रात करीब 10 बजे बिजली जाने के बाद पलुआ अपनी पुत्री गंगा के साथ घर के दरवाजे पर बैठा था तभी रिपोर्ट दर्ज कराए जाने से नाराज बलराम के साथी वहां आ धमके और पलुआ को लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। बीच-बचाव करने आई पुत्री गंगा को भी पीटकर घायल कर दिया।
गंभीर हालत में पिता-पुत्री को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने पलुआ की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पलुआ की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर रविवार की सुबह पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी, सीओ कुलपहाड़ विनोद सिंह व थानाध्यक्ष अजनर रीता सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की जांच की। मृतक की पत्नी मुन्नी की तहरीर पर दिनेश पुत्र महेश, अजय पुत्र महेश, महेश पुत्र प्रकाश व अस्नेह पुत्र गौरीशंकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष अजनर रीता सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में परिवर्तन किया जाएगा।