पुलिस के हत्थे चड़ा जिलाबदर अपराधी
- फोटो : अमर उजाला
जिलाबदर अपराधी ने श्रीनगर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ने से पहले उसे जमकर छकाया। गांव पहुंची पुलिस को देखते ही जिलाबदर अपराधी ने दौड़ लगा दी। चिलचिलाती धूप और हवा के गर्म थपेड़ों के बीच तीन किलोमीटर पीछा करने में पुलिसवालों के पसीने छूट गए। आखिरकार जिला बदर अपराधी के थकने पर पुलिस ने उसे नहर के पास गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
श्रीनगर थाना के सिजवाहा गांव निवासी जयवर्धन पुत्र सोहनलाल राजपूत पर विभिन्न अपराधों के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। तीन महीने पहले जिलाधिकारी ने जयवर्धन को जिलाबदर किया था। बुधवार को मुखबिर ने थाना पुलिस को सूचना दी कि जिलाबदर अपराधी गांव में बेखौफ होकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाने के एसआई महेंद्र सिंह भदौरिया व जगतनारायण सिपाहियों के साथ गांव पहुंच गए ।
पुलिसवालों ने घेराबंदी करके अपराधी को दबोचने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस को देखकर जिलाबदर अपराधी भागने लगा तो पुलिस ने उसका पीछा किाया। तीखी धूप और हवा के गर्म थपेड़ों के बीच खेतों और जंगल से होकर भाग रहे जयवर्धन ने पुलिस को खूब छकाया। तीन किलोमीटर भागने के बाद जब जिला बदर अपराधी थक गया तो पुलिस ने उसे किसान मोहन के कुएं के पास से निकली नहर के पास दबोच लिया। पुलिस ने अपराधी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए ।
थाना प्रभारी राजीव कुमार यादव ने बताया जिलाबदर अपराधी को जेल भेज दिया गया है। उन्होने बताया पुलिस टीम को पुरस्कृत कराने के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा जाएगा।