थाने में तहरीर देने पहुंच वधु पक्ष के लोग
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दहेज के लोभ ने एक बार फिर समाज को शर्मसार किया। मांग पूरी न होने पर वर पक्ष बारात लेकर नहीं आया। खबर मिलते ही सज रही दुल्हन के सपने बिखर गए। बारात के स्वागत के लिए तैयारी और पकवान धरे रह गए। चारों ओर अफरा तफरी मच गई। युवती के पिता ने थाना पनवाड़ी में तहरीर देकर दहेज लोभियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दावे कुछ भी हों, दहेज कुप्रथा अभी भी बेटियों के सपनों पर आघात कर रही है। कस्बा पनवाड़ी के बालाजी नगर निवासी जागेश्वर यादव ने अपनी पुत्री विनीता की शादी मुगलपुरा चौपरा राठ जनपद हमीरपुर निवासी मुन्नीलाल यादव के पुत्र हेमंत के साथ की थी। तिलक में जागेश्वर ने 21 हजार रुपये नगद, फल फूल व कपड़े दिए थे।
शादी 18 अप्रैल को होनी थी। 18 अप्रैल को वधु पक्ष के लोग सुबह से शादी की तैयारियों में जुट गए। टेंट व लाइटिंग के साथ खाना बनकर तैयार हो गया। गांव के लोग भोजन करने लगे।
रात आठ बजे तक बारात न आने पर वधु पक्ष के लोगों ने जब मोबाइल फोन से बारात की जानकारी ली तो लड़के के पिता मुन्नीलाल ने एक लाख रुपये, सोने की जंजीर व बाइक देने की बात कही।
इतना दहेज देने में असमर्थता जताने पर वर पक्ष के लोगों ने बारात लाने से इनकार कर दिया। जिससे वधु पक्ष के लोगाें में अफरा तफरी मच गई। जानकारी होने पर दुल्हन बनने के लिए सज रही युवती के भी होश उड़ गए।
लड़की के पिता जागेश्वर ने रिश्तेदारों के साथ थाना पनवाड़ी में तहरीर दी। जिसमें शादी की तैयारियों में हुए नुकसान दिलाने और दहेज लोभियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष पनवाड़ी संदीप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियाें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।