कर्मचारी बन खाते से उड़ाए 11 हजार रुपये
- पीड़ित किसान ने कोतवाली में दी धोखाधड़ी की तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
कुलपहाड़ (महोबा)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का कर्मचारी बनकर युवक ने खाताधारक से बैंक से संबंधित सभी जानकारी लेकर खाते से 11 हजार रुपये की नगदी निकाल ली। पीड़ित किसान ने धोखाधड़ी के मामले की तहरीर कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला हटवारा निवासी राकेश पुत्र देशराज का खाता इलाहाबाद बैंक शाखा कुलपहाड़ में है। जिसमें 11 हजार 120 रुपये की धनराशि जमा थी। दो दिन पहले उसके मोबाइल फोन में कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आपको प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का कर्मचारी बताया और दो हजार रुपये खाते में भेजे जाने के लिए बैंक से संबंधित सभी डिटेल राकेश से पूछ लिया। गुरुवार को मोबाइल में खाते से 11 हजार रुपये निकलने का मैसेज आने पर किसान के होश उड़ गए। पीड़ित ने बैंक पहुंच जानकारी ली तो खाते में महज 120 रुपये की नगदी बची थी। पीड़ित ने बैंक प्रबंधक और कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। पीड़ित ने कोतवाली में उक्त नंबर को बताते हुए धोखाधड़ी करने के वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ब्यूरो