महोबा। शहर के मोहल्ला मलकपुरा के समीप से कोतवाली पुलिस ने एक मारुति वैन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। वैन से 50 पेटी झूम ब्रांड की देशी शराब बरामद होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बुधवार को सीमा से लगे मध्य प्रदेश में मतदान हुआ। ऐसे में वोटरों को शराब बांटने के लिए वैन से भारी मात्रा में शराब ले जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस ने सुभाष चौक से चंद कदम की दूरी पर एक वैन संदिग्ध हालात में खड़ी देखी। पुलिस को आता देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस वैन को कब्जे में लेकर कोतवाली लाई। वैन से 50 पेटी झूम ब्रांड की अवैध देशी शराब बरामद की गई है। इतनी भारी मात्रा में शराब को कहां और क्यों ले जाया जा रहा था पुलिस इसकी जांच कर रही है। वैन के नंबर के आधार पर कार मालिक और चालक की तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को मतदान सुबह सात बजे से होना था। सीमा से लगे आसपास के गांवों में वोटरों को शराब बांटने के लिए सुबह 5 बजे वैन भारी मात्रा में शराब लेकर जा रही थी। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह का कहना है कि मारुति वैन से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वैन और शराब जब्त कर ली गई है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
वैन से 50 पेटी अवैध शराब बरामद, आरोपी फरार
- कोतवाली पुलिस ने मलकपुरा के समीप से पकड़ी शराब
- एमपी में मतदान के दौरान वोटरों को शराब बांटने को ले जाने की आशंका