महोबा। कस्बा खन्ना में 27 जून को आने वाली बारात की तैयारियां पूरी करने के बाद वर पक्ष के लोगों द्वारा दहेज में एक लाख की नगदी व बाइक की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने बारात लाने से इनकार कर दिया। गांव व रिश्तेदारी में कार्ड बंट जाने और शादी से चंद घंटे पहले बारात लाने से मना करने पर वधू पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
कस्बा खन्ना निवासी चुन्नी लाल पुत्र बैजू अनुरागी ने अपनी पुत्री सुनीता की शादी जनपद हमीरपुर के ग्राम स्वासा बुजुर्ग निवासी रवि कुमार पुत्र नवल किशोर से साथ तय की थी। सितंबर 2017 में गोद भराई की रस्म हुई थी। वर पक्ष को तिलक में 50 हजार रुपये की नगदी, सोने की अंगूठी व अन्य सामान दिया था। 27 जून को शादी की तिथि निर्धारित की गई। वधू पक्ष के लोगों ने शादी की तैयारियां करते हुए गांव व रिश्तेदारी में कार्ड बांट दिए। साथ ही खाने पीने की व्यवस्था, हलवाई व बारात ठहरने के लिए गेस्ट हाउस भी बुक कर लिया गया।
दो दिन पहले वर पक्ष के लोगों ने फोनकर एक लाख रुपये नगद, बाइक व एक तोला सोने की जंजीर की मांग की। जिस पर वधू पक्ष के लोगों ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। जिस पर वर पक्ष के लोगों ने शादी से इंकार करते हुए बारात लाने से मना कर दिया। दोनों पक्षों में हुई पंचायत के बाद भी वर पक्ष दहेज की मांग पूरी किए बिना शादी को तैयार नहीं हुआ। मंगलवार को पीड़ित परिवार ने थाना खन्ना व पुलिस अधीक्षक एन कोलांची को शिकायती पत्र देकर वर पक्ष के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
दहेज की मांग पूरी न करने पर दूल्हे ने शादी से किया इंकार
-27 जून को वधू पक्ष के दरवाजे आनी थी बारात
-पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार