महोबा। शराब पीकर हंगामा करने और गुंडाटैक्स मांगने के आरोप में पकड़े गए दो आरोपियों ने रविवार की रात डॉक्टरी परीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में जमकर बवाल किया। पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज करते हुए आरोपियों ने करीब एक घंटे तक हंगामा काटा। जिससे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और तीमारदारों में अफरा तफरी मच गई। कोतवाली पुलिस भी आरोपियों के सामने सरेंडर नजर आई। बाद में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी आशू भदौरिया व डहर्रा निवासी देवेंद्र कुमार को मोहल्ले के ही कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। एक पखवारा पहले आधा दर्जन लोगों पर जानलेवा हमला व लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में अभी कुछ आरोपी फरार चल रहे हैं। रविवार की रात पुलिस आशू भदौरिया और देवेंद कुमार को पकड़कर कोतवाली ले आई। दोनों शराब के नशे में होने पर रात करीब 10 बजे डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों आरोपियों ने जमकर बवाल किया। इस दौरान एसआई दिनेश कुमार के साथ आधा दर्जन पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौज करते हुए धमकी दी। आरोपियों के हंगामे के बीच पुलिस पूरी तरह सरेंडर रही।
आरोपियों का कहना था कि पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे के आरोपियों की सांठगांठ से उन्हें झूठे मामले में पकड़ा जा रहा है। करीब एक घंटे तक जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हंगामा चलता रहा। जिससे डाक्टर और कर्मचारी सहमे रहे। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीज और तीमारदारों की भीड़ एकत्र हो गई। बाद में किसी तरह डॉक्टरी के बाद पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। उधर कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह का कहना है कि दोनों आरोपियों को गुंडाटैक्स की मांग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।
अपराधियों ने अस्पताल में काटा बवाल, मरीजों में मची अफरा तफरी
-एसआई और पुलिसकर्मियों के सामने जमकर की गाली गलौज
-गुंडाटैक्स के मामले में दो युवकों को पकड़कर डाक्टरी के लिए लाई थी कोतवाली पुलिस