महोबा। नगर पालिका के टाउनहाल में बने रैन बसेरे में आदिवासी समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। विवाद खाना बनाने को लेकर हुआ। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया। फिर लाठी-डंडों व अलाव में जल रहीं लकड़ियों से तीन लोगों के सिर फोड़ दिए। एक घंटे तक सड़क पर हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस ने शांत कराते हुए रैन बसेरे में रह रहे आदिवासियों को उनके गृह जनपद भदोही भेज दिया।
शहर के डाक बंगला मैदान में 12-14 आदिवासी समुदाय के परिवार झुग्गी बनाकर रहते हैं। भीषण ठंड के चलते इस समय यह परिवार टाउनहाल में बने अस्थायी रैन बसेरे में रह रहे थे। मंगलवार रात नौ बजे खाना बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इससे तीन लोगों के सिर फूट गए। उनका अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।
रैन बसेरे में महिलाओं व पुरुषों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। इसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे हैं। अधिकतर लोगों के शराब के नशे में होने के कारण बीच सड़क एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। कोतवाली और महिला थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराकर मामला शांत कराया।