महोबा/कुलपहाड़। जिले में एसजीएसटी की कार्रवाई से दुकानदार भयभीत है। शनिवार को स्टेट जीएसटी की तीन टीमों ने जिले की विभिन्न तहसीलों के बाजारों में भ्रमण किया लेकिन सभी स्थानों पर दुकानें बंद मिलीं। तीनों टीमें बैरंग लौट आईं।
जीएसटी चोरी रोकने के लिए एक सप्ताह से अभिलेखों की जांच चल रही है। जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा है। कार्रवाई से बचने के लिए दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद किए हैं। एसजीएसटी टीमों ने शहर के अलावा चरखारी, बेलाताल, पनवाड़ी, खरेला आदि में छापामारी के अभियान चलाया। सभी जगह दुकानों में ताले लटके मिले।
कुलपहाड़ संवाद के अनुसार कस्बे में एक तंबाकू व्यापारी के यहां चार दिन पहले छापामारी होने के बाद से बाजार पूरी तरह बंद है। जिससे ग्राहक भटक रहे हैं। खन्ना संवाद के अनुसार जीएसटी कार्रवाई के भय से पांच दिन से मुख्य बाजार की दुकानों में ताले लटक रहे हैं।