महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हेलमेट न लगाए होने से बाइक चालक के सिर पर गंभीर चोट आने से जान चली गई।
कोतवाली चरखारी के सालट गांव निवासी शेख कल्लू (54) अपनी पत्नी फज्जो बानो (50) के साथ बाइक से हमीरपुर के कम्हरिया शरीफ जा रहा था। हाईवे पर कबरई व खन्ना के बीच बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दंपती उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई पहुंचाया। शेख कल्लू की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।