महोबा। विभिन्न स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में दंपती समेत 12 लोग घायल हो गए। हेमलेट न लगाने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कोतवाली कुलपहाड़ के रिखवाहा गांव निवासी योगेंद्र (46) अपनी पत्नी अंजू (38) के साथ सोमवार की सुबह बाइक से महोबा आ रहा था। रास्ते में एकाएक आए मवेशी को बचाने में बाइक असंतुलित होकर गिरने से दंपती घायल हो गए। शहर के मोहल्ला समदनगर निवासी उमा (27) अपनी पुत्री आरुही (04) के साथ सामान लेकर दुकान से लौट रही थी। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इससे मां-बेटी घायल हो गईं। सुगिरा निवासी जैतून (26), देवगनपुरा निवासी राहुल (20), दिदवारा निवासी शांति (55), इमिलिया निवासी कमलेश (22), श्रीनगर निवासी काशी (14), परमानंद तिराहा निवासी सोनू (26), विवेकनगर निवासी सुनीता (40) व चौसियापुरा निवासी दीपांशु (12) अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरुही, योगेंद्र व अंजू को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। (संवाद)