महोबा/श्रीनगर। जिले में भीषण ठंड और सदीर्ली हवाएं जानलेवा बनीं है। रविवार को ठंड की चपेट में आने से किसान के पुत्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर लेखपाल ने मृतक के घर पहुंच परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने युवक के शव केे पोस्टमार्टम के लिए भेेजा है।
कस्बा श्रीनगर के मोहल्ला भैरवगंज निवासी रामकुमार अहिरवार (27) रविवार की सुबह खेत की रखवाली कर घर लौटा। दरवाजे पर सीने में तेज दर्द होने और हाथ-पैर अकड़ने पर वह गश खाकर गिर गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। पिता कामता प्रसाद ने बताया कि उसके पास छह बीघा जमीन है। खेती-किसानी में इकलौता पुत्र मदद करता था। ठंड लगने से उसकी मौत हुई है।
सूचना पर लेखपाल अशोक त्रिपाठी ने मौत की जानकारी लेते हुए परिजनों के बयान दर्ज किए। घटना से पत्नी ऊषा व दो बच्चों कार्तिक और अभय का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। इसी तरह जनपद जालौन के सरसेला गांव निवासी यशोदा (35) रिश्तेदारी में महोबा आई थी। ठंड लगने से उसकी मौत हो गई।
दोपहर में निकली धूप ने दी राहत
महोबा। दस दिन से ठंड पूरे सबाब पर है। तीन दिन बाद रविवार को मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। जिससे लोगों ने ठंड से खासी राहत महसूस की। हालांकि शाम को एक बार फिर सर्द हवाएं चलने से रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड में यात्री ठंड से बचाव करते नजर आए। दो से तीन घंटे देरी से चल रहीं ट्रेनें और लंबे रूट की बसों का यात्री इंतजार करते रहे। कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैज्ञानिक डॉ. मुकेशचंद ने बताया कि आगामी दो-तीन दिन मौसम साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।